प्रथम आगमन पर कोई दिल्ली से आया तो किसी ने बिछाई पलके
हर नेता अपने तरीके से लुभाने की कोशिश करता नजर आया
छिंदवाड़ा। भाजपा के वरिष्ठ नेता अनुभवी और संगठन में कई वर्षों से सक्रिय बैतूल के विधायक हेमंत खंडेलवाल मध्य प्रदेश के दूसरे सबसे ताकतवर शख्सियत बन गए हैं। उन्हें भाजपा के केंद्रीय संगठन ने मध्य प्रदेश की कमान सौंपी है। इसके पहले वरिष्ठ नेता हेमंत खंडेलवाल मध्य प्रदेश भाजपा संगठन में कोषाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पद को संभाल चुके हैं। उनके कार्य कुशलता की तारीफ के साथ ही उनकी स्वच्छ कार्यशैली के लिए हेमंत खंडेलवाल को भाजपा के केंद्रीय संगठन और भाजपा के प्रदेश संगठन में जाना जाता है। बुधवार को हेमंत खंडेलवाल प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार छिंदवाड़ा पहुंचे और यहां नेताओं ने उनके लिए सोने के दस्तरखान लगा दिए। हर नेता अपने तरीके से हेमंत खंडेलवाल की नजरों में आने का प्रयास करता नजर आया। उन्हें लुभाने और उनकी नजरों में आने के लिए हर संभव कोशिश में लगा रहा।
कोई नेता दिल्ली से आनन फानन में छिंदवाड़ा पहुंचे तो पूरे जिले के प्रमुख नेता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के आगमन के लिए सुबह से छिंदवाड़ा में पलकें जमाए बैठे रहे। अब सवाल उठता है क्यों आखिर प्रदेश अध्यक्ष की नजरों में आने के लिए नेताओं ने इतना जोर क्यों लगाया ? कइयों ने तो शक्ति प्रदर्शन तक किया। आखिर क्यों इसके पहले ऐसा शक्ति प्रदर्शन 5 साल तक मध्य प्रदेश की कमान संभाले रहे तात्कालिक प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और वर्तमान सांसद बीडी शर्मा के लिए दिखाई नहीं दिया। नए प्रदेश अध्यक्ष के आगमन ने कई सवाल छिंदवाड़ा की राजनीति में खड़े कर दिए हैं।
पूर्व अध्यक्ष बीडी शर्मा से थी सांसद विवेक बंटी साहू की घनिष्ठता
भाजपा प्रदेश संगठन के पूर्व अध्यक्ष बीडी शर्मा लगभग 5 साल तक भाजपा संगठन के प्रमुख रहे । इसी दौरान 2019 से लेकर लगातार लोकसभा चुनाव 2024 तक जिले के सांसद विवेक बंटी साहू भी भाजपा जिलाअध्यक्ष रहे। उनके भाजपा नेता बीडी शर्मा से घनिष्ठ संबंध किसी से छुपे नहीं हैं। सांसद विवेक बंटी साहू की राजनीति में निखार लाने वाले नेताओं में बीडी शर्मा प्रमुख माने जाते हैं । अब भाजपा के वरिष्ठ और अनुभवी नेता बैतूल के हेमंत खंडेलवाल को प्रदेश भाजपा की कमान सौंप दी गई है। यही कारण है कि उनके प्रथम छिंदवाड़ा आगमन पर नेताओं ने उनके सामने पलके बिछा दी। क्योंकि इसके पहले बीडी शर्मा का सीधा संबंध विवेक बंटी साहू से था दोनों साथ में प्रदेश और जिला अध्यक्ष रहे तो संभावित है कि उनके आपसी संबंध प्रगार थे । अब नए अध्यक्ष से पैठ बनाने के लिए सांसद को आनन – फानन में दिल्ली से छिंदवाड़ा आना पड़ा। हालांकि संसद का सत्र 13 और 14 अगस्त को स्थगित रखा गया था । लेकिन फिर भी सांसद के 13 अगस्त को छिंदवाड़ा पहुंचने का कोई प्रोग्राम नहीं था। फिर भी तिरंगा यात्रा में शामिल होने के लिए वे दिल्ली से छिंदवाड़ा आए। मतलब साफ है प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल से नजदीकियां बढ़ाना हर नेता की प्राथमिकता बन गई है।
पिछली पंक्ति में पहुंचे चौधरी चंद्रभान और दीपक सक्सेना

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा के छिंदवाड़ा आगमन के दौरान जिले के कई नेता गायब रहते थे। क्योंकि सबको पता था कि बीडी शर्मा और सांसद विवेक बंटी साहू आपस में घनिष्ठ है । लेकिन अब प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष के बदलते ही कई पुराने नेता भी सामने नजर आने लगे है। अब तस्वीर बदल चुकी है पहले जहां दीपक सक्सेना कमलनाथ के साथ पहली पंक्ति में नजर आते थे । अब वह अपने से जूनियर भाजपा नेताओं के पीछे खड़े नजर आते हैं। यही हाल चौधरी चंद्रभान सिंह के भी है। चौधरी चंद्रभान सिंह 35 – 40 साल तक जिला भाजपा के प्रथम पंक्ति के नेता रहे । हालांकि पिछले 5 साल सांसद विवेक बंटी साहू से तल्खी के कारण वह लाइमलाइट से दूर रहे। एक बार फिर वे राजनीति में सक्रिय नजर आ रहे हैं। इस बार पूर्व कैबिनेट मंत्री चौधरी चंद्रभान सिंह भी पीछे की पंक्ति में हैं। अब देखना यह है कि इन दोनों वरिष्ठ नेताओं की क्या भूमिका जिला संगठन में नजर आती है। विवेक बंटी साहू के कहने पर कांग्रेस से टूट कर भाजपा में आने वाले दीपक सक्सेना अब खुद सांसद विवेक बंटी साहू से थोड़े दूर है। और जिला भाजपा संगठन में सक्रिय हैं लेकिन दूसरी पंक्ति में।
जिला संगठन में अपने समर्थकों को पद दिलाने के प्रयास में नेता
जिला संगठन के चुनाव अब तक पूरे नहीं हो पाए । जिला संगठन के तीन महामंत्री और सात उपाध्यक्ष सहित 90 लोगों की एक पूरी कार्यकारिणी का गठन होना बाकी है। जिला संगठन के सभी पदों और कार्यकारिणी के गठन का पूरा दारोमदार अब प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल पर है । श्री खंडेलवाल के नगर आगमन पर भाजपा के तीनों गुटों के नेताओं ने अपना अपना शक्ति प्रदर्शन किया। ताकि उनके समर्थकों को महत्वपूर्ण पदों पर जिला संगठन में शामिल किया जाए। इस प्रयास में सांसद विवेक बंटी साहू, जिला भाजपा अध्यक्ष शेषराव यादव, पूर्व कैबिनेट मंत्री दीपक सक्सेना और पूर्व विधायक पंडित रमेश दुबे भी सक्रिय दिखाई दिए।
राजनैतिक विश्लेषण (भाजपा)…
Avinash Singh
9406725725/7697930555









