कलेक्टर की शिकायत लेकर पहुंचे युवा नेताओं को फटकार
ज्यादातर रेत माफिया से जुड़े युवा नेता पहुंचे थे शिकायत करने
छिंदवाड़ा। 7 अगस्त को मुख्यमंत्री का दौरा कई खबरें छोड़ गया जो अब तक दबी हुई है। इसका कारण यह है कि मुख्यमंत्री के दौरे के लिए पूरी सरकार छिंदवाड़ा में थी। खास तौर पर प्रभारी मंत्री जिन्हें छिंदवाड़ा की याद कभी-कभार ही आती है। वह खुद मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के लिए एक दिन पहले छिंदवाड़ा पहुंच गए थे। और उन्होंने भाजपा के जनप्रतिनिधियों और नेताओं से एकॉर्ड होटल और सर्किट हाउस में मुलाकात भी की। मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारी का जायजा भी लिया। इस दौरान प्रभारी मंत्री ने भाजपा जिला अध्यक्ष शेषराव यादव जिले के सांसद विवेक बंटी साहू सहित कई नेताओं से मुलाकात की और मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर रूपरेखा तैयार की ।
इसी बीच कुछ युवा नेता प्रभारी मंत्री के पास रात लगभग 10:30 – 11 बजे पहुंचे और कलेक्टर की शिकायत करने लगे। युवा नेताओं का कहना था कि कलेक्टर आजकल जिले के बड़े नेताओं की भी नहीं सुन रहे हैं। और ताबड़तोड़ कार्रवाइयों में लगे हुए हैं। प्रभारी मंत्री ने पहले तो भाजपा के युवा नेताओं के इस प्रोटेस्ट को बड़े ध्यान से सुना। और उसके बाद प्रभारी मंत्री ने उन युवा नेताओं को जमकर फटकार लगाई । आखिरकार शिकायत करने पहुंचे युवा नेताओं को मुंह की खानी पड़ी। बड़ी बात यह है की जो नेता कलेक्टर की शिकायत करने प्रभारी मंत्री के पास पहुंचे थे वह ज्यादातर एक ही खेमे के थे और लगभग सभी अवैध रेत के कारोबार से जुड़े हुए हैं।
कलेक्टर नेता की नहीं सुन रहा यह बात मीडिया में आ जाएगी

शिकायत लेकर पहुंचे रेत माफिया और युवा नेता जब प्रभारी मंत्री से शिकायत कर चुके। तो प्रभारी मंत्री ने उन नेताओं को दो टूक शब्दों में कहा कि यह बात पूरे जिले को बताओ कि कलेक्टर तुम्हारा नेता की नहीं सुन रहा है। जिससे उनकी इज्जत और बढ़ जाएगी और जिस तरह से तुम यहां कलेक्टर की शिकायत कर रहे हो और विरोध प्रदर्शन कर रहे हो। यह बात कल मीडिया में भी आ जाएगी। क्योंकि कोई ना कोई यहां मीडिया का मित्र जरूर होगा जो यह बात मीडिया तक पहुंचा देगा। यह बात भी प्रभारी मंत्री राकेश सिंह ने दो टूक शब्दों में कही और उन्होंने कलेक्टर से इस बात को लेकर कोई भी बात करने से साफ इनकार कर दिया। जिससे रेत माफिया बनाम युवा नेता मायूस होकर लौट गए और दूसरे दिन मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में भी कहीं नजर नहीं आए।
रेत उत्खनन और परिवहन पर कार्रवाई से कईयों को दिक्कत
पिछले दिनों कलेक्टर के निर्देश पर जिले के कुछ चुनिंदा क्षेत्रों में खासतौर से चौरई, चांद , बिछुआ, परासिया के क्षेत्र में रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन पर कार्रवाई की गई। कार्रवाई करने वाली टीम पर यह आरोप भी लगे कि कार्रवाई के दौरान खनिज विभाग और राजस्व विभाग ने खाली ट्रैक्टर जप्त किया। इस बात को लेकर कलेक्टर पर बड़े नेताओं ने भी दबाव बनाया। लेकिन कलेक्टर ने किसी की नहीं सुनी। यही कारण था कि जब प्रभारी मंत्री छिंदवाड़ा पहुंचे तो रेत माफिया बनाम युवा नेता कलेक्टर की शिकायत लेकर उनके पास पहुंच गए। सारी बातों को समझते हुए प्रभारी मंत्री ने शिकायत करने वालों को ही फटकार लगा दी।
खबर अंदर की पार्ट 01…
Avinaash Siingh
9406725725
7697930555








