लाखों रुपए खर्च कर नेताओं के लिए आयोजित किया रंगारंग कार्यक्रम
शहर की समस्याएं जस की तस, नगर निगम को कोई सरोकार नहीं
छिंदवाड़ा। छिंदवाड़ा शहर बड़ी पुरानी नगर पालिका रहा और अब नगर निगम है। छिंदवाड़ा के नगरी कार्यकाल का सबसे काला कार्यकाल महापौर विक्रम आहाके का कार्यकाल माना जाएगा। क्योंकि नगर निगम शहर में विकास करना तो दूर की बात है, जनता की समस्या तक नहीं सुलझा पा रहा है। नगर निगम में रुपए नहीं है, कर्मचारियों को वेतन नहीं मिल रहा, वार्डों में गंदगी पसरी पड़ी है। नालियों में गंदगी बज बजा रही है। सड़कें कीचड़ से सनी हैं। पूरे शहर में अवैध निर्माण खास तौर से मल्टी स्टोरी बिल्डिंग बिना नियम कानून के बन रही है। और नगर निगम छिंदवाड़ा नगर गौरव दिवस का आयोजन कर रहा है। यह आयोजन केवल चंद नेताओं और महापौर के करीबियों के लिए लाखों रुपए खर्च करके किया जाता है।
जिससे छिंदवाड़ा शहर की जनता का कोई भी सरोकार नहीं है। न ही छिंदवाड़ा शहर की जनता को इस आयोजन में आमंत्रित किया गया। इतना ही नहीं महापौर विक्रम आहके के कार्यकाल में छिंदवाड़ा शहर की जनता पर 10-10 गुना ज्यादा टैक्स लगा दिया गया है। इसलिए छिंदवाड़ा के नगरी कार्यकाल का सबसे काला कार्यकाल महापौर विक्रम आहके का कार्यकाल माना जाएगा। जबकि देश में भाजपा की सरकार है, मध्य प्रदेश में डॉक्टर मोहन यादव मुख्यमंत्री है और भाजपा की सरकार है। छिंदवाड़ा लोकसभा में भाजपा के सांसद विवेक बंटी साहू है। उसके बाद भी छिंदवाड़ा नगर निगम के हाल बेहाल है, जनता त्रस्त है, शहर अस्त व्यस्त है और महापौर नृत्य में मस्त हैं।
चोली के पीछे क्या है… देखें वीडियो 👇
महीने भर का भी पानी नहीं, अभी और बिगड़ेंगे हालात
छिंदवाड़ा शहर की हालत यह है कि यहां कन्हरगांव डैम और माचागोरा डैम दोनों से ही पानी की आपूर्ति की जाती है। फिलहाल नगर निगम बनने के समय जुड़े 24 गांव में जो कि अब नगर निगम के अलग-अलग वार्ड है। माचागोरा का पानी सप्लाई हो रहा है। और बाकी पूरे शहर में कन्हरगांव डैम का पानी ही सप्लाई होता है। लेकिन इस बार छिंदवाड़ा में या मध्य प्रदेश में कम बारिश के चलते ना माचागोरा डैम भरा है और कन्हरगांव में तो चंद दिनों का ही पानी बचा है। हाल यह है की बारिश का मौसम है और नगर निगम एक दिन के बाद शहर में पानी सप्लाई कर रहा है। कुछ दिन बाद यह सप्लाई 7 दिनों में और फिर 15 दिनों में हो जाएगी। लेकिन इस बात से ना ही शहर के जनप्रतिनिधियों को कोई सरोकार है और ना अधिकारियों को। यह सभी शहर का गौरव दिवस मना रहे हैं जिसे काला दिवस कहना गलत नहीं होगा।
रैबीज से महिला की मौत, सेनेटिज कराना पड़ा जिला अस्पताल
शहर में कुत्तों का इतना आतंक हो गया है कि अब कुत्तों का लोगों के पीछे दौड़ना और झुंड बनाकर घूमने आम बात है। इससे भी बढ़कर कुत्तों के काटने से रेबीज का खतरा पूरे शहर पर मंडरा रहा है । हाल ही में वार्ड नंबर 15 में रहने वाली एक महिला की कुत्ते के काटने के बाद रेबीज से मौत हो गई । इससे भी बड़ी बात यह है कि इस महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां उसकी मौत हुई और यह नहीं बताया गया कि इसे रेबीज हुआ है। जब मौत के बाद डॉक्टरों को पता चला कि महिला की मौत रैबीज से हुई है और उसके घर के चार लोग और जिला अस्पताल में भर्ती है तो सब की नींद उड़ गई। आखिरकार पूरे वार्ड को सेनीटाइज कराया गया। उसके बाद मरीज को वहां भर्ती करना पड़ा । इससे भी बड़ी बात है कि नगर निगम ने पूरे मामले को बाहर नहीं आने दिया। हालांकि वार्ड नंबर 15 में जहां महिला रहती थी वहां का सर्वे जरूर कराया गया और सैंपल लिए गए। लेकिन यह बात बाहर नहीं आई क्योंकि महापौर को नगर गौरव दिवस मनाना था।
कीचड़ से सनी सड़के, नालियों में मलबा, डेंगू, रेबीज का खतरा
शहर में नगर निगम ने लोगों के मकान और पानी के टैक्स को तो बढ़ा दिया। लेकिन सुविधाओं के नाम पर कचरा गाड़ी में बैठे कर्मचारी कॉलोनी की सड़क पर जमा किया गया कचरा भी उठाकर गाड़ी में नहीं डालते। केवल घरों का कचरा लेकर निकल जाते हैं। यही हाल शहर की नालियों का है तेज बारिश न होने के कारण नालियों में मालवा भरा पड़ा है। जिससे बदबू, जहरीले जीव जंतु फैल रहे है। पूरे शहर में डेंगू के लारवा मौजूद है। मच्छरों का आतंक है। लेकिन आज तक नगर निगम का फॉगिंग मशीन नजर नहीं आई। ना कॉलोनी में लाल पाउडर डाला गया और ना नालियों की सफाई की गई। यह हाल नगर निगम के है, टैक्स पूरा ले रहे हैं बल्कि 10 गुना ज्यादा ले रहे हैं। और सुविधाओं के नाम पर महापौर मंचों पर थिरकते नजर आते हैं।
छिंदवाड़ा नगर गौरव… Episode 01
Avinaash Siingh
9406725725
7697930555








