राष्ट्रीय घोषणापत्र से पहले जारी कर दिया छिंदवाड़ा का घोषणा पत्र
राष्ट्रीय संकल्प पत्र के लिए मिले 5 लाख सुझाव
14 अप्रैल को जारी हो सकता है भाजपा का संकल्प पत्र
छिंदवाड़ा। छिंदवाड़ा लोकसभा चुनाव नए-नए रंग दिखा रहा है। भारतीय जनता पार्टी जैसी संस्कारी पार्टी में भी अब केंद्रीय नेतृत्व से आगे चलने की होड़ शुरू हो गई है। दरअसल छिंदवाड़ा लोकसभा के प्रत्याशी विवेक बंटी साहू ने राष्ट्रीय संकल्प पत्र से पहले ही छिंदवाड़ा का संकल्प पत्र जारी कर दिया है। जबकि राष्ट्रीय संकल्प पत्र भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के नेतृत्व में 14 अप्रैल को पूरे देश में एक साथ जारी होने की संभावना है। इसके पहले ही 13 अप्रैल को विवेक बंटी साहू और लोकसभा चुनाव प्रभारी राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार ने छिंदवाड़ा का चुनावी संकप पत्र जारी कर दिया। अब यह बात शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है।
विवेक बंटी साहू और लोकसभा चुनाव की प्रभारी राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार ने एक पत्रकार वार्ता का आयोजन शनिवार की सुबह 9:00 बजे जिला भाजपा कार्यालय में किया। पत्रकार वार्ता के पहले यह सूचना नहीं दी गई थी कि यह पत्रकार वार्ता संकल्प पत्र जारी करने के लिए है। पत्रकार वार्ता में कविता पाटीदार और लोकसभा चुनाव के प्रत्याशी विवेक बंटी साहू ने छिंदवाड़ा के लिए 53 बिंदु का एक संकल्प पत्र जारी किया है। जिसमें चुनाव जीतने के बाद वे छिंदवाड़ा जिले में क्या-क्या करेंगे इस बात का बखान किया गया है। लेकिन बड़ी बात यह है कि भाजपा का राष्ट्रीय संकल्प पत्र अब तक जारी नहीं किया गया है। उसके पहले ही भाजपा प्रत्याशी विवेक बंटी साहू ने छिंदवाड़ा के लिए खुद का बनाया हुआ घोषणा पत्र जारी कर दिया है।
14 अप्रैल को जारी हो सकता है भाजपा का नेशनल मेनिफेस्टो
भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर अब तक अपना राष्ट्रीय संकल्प पत्र जारी नहीं किया है। नरेंद्र मोदी सरकार पूरे देश में अबकी बार 400 पर के नारे पर चुनाव लड़ रही है। और भाजपा के राष्ट्रीय नेता भी चुनाव प्रचार में नरेंद्र मोदी के 10 साल के कार्यकाल का बखान कर प्रत्याशियों के लिए वोट की मांग कर रहे हैं। ताकि मोदी सरकार 400 पार के इस नारे को साकार कर सके। यही कारण है कि चुनाव का राष्ट्रीय संकल्प पत्र बीजेपी 14 अप्रैल को पूरे देश में एक साथ घोषित कर सकती है। लेकिन इसके पहले ही छिंदवाड़ा लोकसभा क्षेत्र क्रमांक 16 के प्रत्याशी विवेक बंटी साहू ने छिंदवाड़ा जिले के लिए अपना खुद का एक मेनिफेस्टो बनाकर घोषित कर दिया है। जबकि नरेंद्र मोदी अब तक अपना संकल्प पत्र जारी नहीं कर पाए हैं। विवेक बंटी साहू इस मामले में नरेंद्र मोदी से भी आगे चल रहे है।
5 लाख सुझावों के आधार पर बन रहा राष्ट्रीय संकल्प पत्र
भारतीय जनता पार्टी ने अपना संकल्प पत्र जारी करने से पहले देश की जनता से सुझाव मांगे थे और संकल्प पत्र के लिए भाजपा को लगभग 5 लाख सुझाव मिले। इन्हीं 5 लाख सुझावों के आधार पर भारतीय जनता पार्टी आने वाले 5 साल और आगे के लिए अपना संकल्प पत्र तैयार कर रही है। जिसे एक साथ पूरे देश में जारी किया जाएगा । संभावना है कि 14 अप्रैल को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह राष्ट्रीय संकल्प पत्र जारी करते समय साथ रहेंगे।
विश्लेषण…. अविनाश सिंह
9406725725









