दीपक सक्सेना की दुबई में मौजूदगी, शहर में बनी चर्चा का विषय
छोटे बेटे अजय सक्सेना और दो करीबियों के साथ दुबई में थे
छिंदवाड़ा। भोपाल में 14 नवंबर को नकुलनाथ का शक्ति प्रदर्शन और फिर 18 नवंबर को पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के जन्मदिवस का जश्न दुबई में मनाया गया। इन दो घटनाओं की जितनी चर्चा नहीं है उससे ज्यादा चर्चा इन दिनों दीपक सक्सेना और उनके बेटे अजय सक्सेना के साहब के जन्म दिवस के जश्न के दौरान दुबई में होने की है। क्या यह सिर्फ इत्तेफाक है या फिर छिंदवाड़ा की राजनीति में एक बार फिर भूचाल की तैयारी चल रही है। हालांकि दीपक सक्सेना अपने छोटे बेटे और दो अन्य करीबियों के साथ दुबई में थे। 15 नवंबर को कमलनाथ भी नकुलनाथ के साथ दुबई चले गए थे और 18 नवंबर को उनके जन्मदिन का जश्न दुबई में मनाया गया। जिसमें प्रदेश और देश के कई दिग्गज भी शामिल हुए । इसी दौरान दीपक सक्सेना अपने छोटे बेटे अजय चुनमुन सक्सेना और दो करीबियों छोटू पाल और आशिफ बंटी कबाड़ी के साथ दुबई में मौजूद थे। दुबई में कमलनाथ से दीपक सक्सेना मिले या नहीं, इस बात की कोई पुष्टि अब तक नहीं हो पाई है।
लेकिन शहर में इस बात की चर्चा जमकर है कि दीपक सक्सेना कमलनाथ से मिलने के लिए ही दुबई गए थे। अपने करीबियों को भी साथ ले गए थे। यह सिर्फ इत्तेफाक नहीं हो सकता कि जब कमलनाथ के जन्मदिन का जश्न मनाया जा रहा हो, इस दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री दीपक सक्सेना जो कि अब भाजपा के वरिष्ठ नेता कहे जा रहे हैं वह दुबई में मौजूद हो। क्योंकि इसके पहले ही दीपक सक्सेना के चचेरे भाई अमित सक्सेना कांग्रेस का दामन वापस थाम चुके हैं। खुद नकुलनाथ ने उन्हें कांग्रेस में रिजाइनिंग कराई है। क्या बीजेपी से अब पूर्व कैबिनेट मंत्री दीपक सक्सेना का भी मोह भंग हो गया है। इस बात की संभावना बढ़ गई है। या इत्तेफाकन हीं सही लेकिन जन्म दिवस के जश्न के दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री का दुबई में होना छिंदवाड़ा के बदलते राजनीतिक समीकरण की तरफ इशारा कर रहा है।
घुटने का इलाज और 100 करोड़ रुपए इन्वेस्ट करने के चर्चे
दीपक सक्सेना के दुबई दौरे को लेकर कई तरह के चर्चे शहर में है। इनमें उनके कुछ करीबियों का यहां तक कहना है कि दीपक सक्सेना अपने घुटने का इलाज करने के लिए दुबई गए थे । वह कमलनाथ के जश्न के जन्मदिन के जश्न के लिए दुबई नहीं गए। वहीं कई करीबी यह भी कहते नजर आ रहे हैं कि आसिफ बंटी कबाड़ी और दीपक सक्सेना मिलकर दुबई में लगभग 100 करोड रुपए का इन्वेस्टमेंट करना चाह रहे हैं। इसी सिलसिले में वे दुबई गए थे। हालांकि कई तरह के चर्चे दुबई दौरे को लेकर शहर में हैं। फिर भी राजनीतिक समीकरण कुछ और ही कहते नजर आ रहे हैं। दीपक सक्सेना का दुबई दौरा छिंदवाड़ा के वर्तमान राजनीतिक परिवेश में एक नई कहानी कह रहा है। हालांकि इस बार भी दीपावली के मौके पर दीपक सक्सेना अपने छोटे बेटे और समर्थकों के साथ भाजपा के कई वरिष्ठ और कनिष्ठ नेताओं के घर मिठाई का डब्बा लेकर पहुंचे और दीपावली की बधाइयां दी है । उसके बाद उनका दुबई दौरा कांग्रेस में वापसी की अटकलों को संबल दे रहा है।
क्या गुल खिलाएगा रोहना दरबार का दीपावली मिलन समारोह
पूर्व कैबिनेट मंत्री दीपक सक्सेना हर साल की तरह इस बार भी रोहना दरबार में दीपावली मिलन समारोह मनाने की तैयारी कर रहे हैं। इसके लिए रविवार की शाम कुछ करीबियों के साथ एक विशेष बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में दीपावली मिलन समारोह की रूपरेखा तय की जाएगी। पूर्व कैबिनेट मंत्री के दुबई दौरे के बाद अब यह दीपावली मिलन समारोह क्या गुल खिलाएगा इस बात पर राजनीतिक विश्लेषकों की नजर है। संभावना है कि इस बार के दीपावली मिलन समारोह में कई कांग्रेसी, पूर्व कांग्रेसी और भाजपा समर्थकों की भीड़ जुटेगी। इस दीपावली मिलन समारोह में दुबई दौरे के राज भी खुल सकते हैं। कांग्रेस में वापसी की अटकलें पर भी मोहर लग सकती है।
राजनीति छिंदवाड़ा… Avinaash Siingh
9406725725
7697930555









